चंदौली। सदर कोतवाली क्षेत्र के खगवल गांव निवासी एक युवक ने बिछिया गांव के समीप ट्रेन के सामने कूद कर जान दे दी। इसकी जानकारी होने के बाद मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं अभी इस शव के शिनाख्त में पुलिस लगी ही थी कि उसी समय पुलिस को सूचना मिली कि खगवल गांव निवासी महेंद्र की पत्नी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से बलुआ घाट पर अंतिम संस्कार करने की जानकारी मिलते ही कोतवाली पुलिस ने बलुआ पुलिस की मदद से शव को चिता से वापस ले आई। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एक साथ दो मौत गांव में चर्चा का विषय बनी हुई है।
बिछियां गांव के समीप किसी ट्रेन के सामने कूद कर एक युवक ने जान दे दी। इसकी जानकारी होने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। वहीं पास में गिरे मोबाइल के आधार पर उसका शिनाख्त खगवल गांव निवासी पवन उर्फ खरपत (20) पुत्र शिवमूरत राम से हुई। पुलिस ने परिवार वालों को इसकी जानकारी देते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्यवाई कर ही रही थी कि उसी गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में महेंद्र की पत्नी की मौत के बाद परिवार वालों द्वारा पुलिस को बिना जानकारी दिए ही शव का अंतिम संस्कार किए जाने की सूचना मिली । पुलिस ने बलुआ थाने की पुलिस को सूचना दी और बलुआ घाट पर चिता पर रखे शव को बरामद कर उसे भी पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। खगवल गांव में एक साथ दो मौत की चर्चा रही। कोतवाली पुलिस ने बताया कि मामले की जांच पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही शुरू की जाएगी। पुलिस ने पति महेंद्र को कस्टडी में रखते हुए उसके ससुराल में विवाहिता के मौत की सूचना भेज दी। बताया कभि मायके वालों की तरफ से अभी कोई तहरीर नहीं दी गई है।