जलीलपुर चौकी क्षेत्र के रामनगर रोड स्थित कटेसर गांव के समीप एक वृद्ध को बचाने के चक्कर में अनियंत्रित होकर एक आटो रिक्शा पलट गया। इस घटना में आटो में सवार चार लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। मौके से आटो चालक फरार हो गया। सूचना पाकर पहुुंची पुलिस ने घायलों को रामनगर सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया।
रविवार की सुबह 10:30 बजे पड़ाव से एक आटो सवारी बैठा कर रामनगर की ओर निकला। ऑटो कटेसर गांव के समीप पंहुचा। तभी एक वृद्ध रोड क्रॉस करने लगा। अचानक वृद्ध के सामने आ जाने पर आटो रिक्शा अनियंत्रित हो गया और पलट गया। आटो पलटने से उसमें सवार सभी यात्री नीचे दब गए। यात्रियों के चीख उपकार सुनकर आस-पास के लोग एकत्र हो गए। लोगों ने तत्काल ऑटो में दबे लोगों को बाहर निकाला और इसकी सूचना जलीलपुर चौकी इंचार्ज पीपी श्रीवास्तव को दी। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने घायल कांशीराम (60) निवासी कटेसर, प्रदीप गुप्ता (46) निवासी प्रह्लादघाट, चंदू (32) और त्रिलोकी (35) निवासी रामनगर को रामनगर स्थित लाल बहादुर शास्त्री चिकित्सालय में भर्ती कराया। घटना के बाद आटो चालक फरार हो गया। पुलिस ने आटो को कब्जे में ले लिया।