पीडीडीयू नगर। ट्रेनों में चोरी पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। शुक्रवार को अलग अलग ट्रेनों में यात्रा के दौरान दो यात्रियों का हजारों रुपये मूल्य सामान चोरी हो गया। ट्रेन के स्थानीय स्टेशन पर पहुंचने पर यात्रियों की तहरीर पर जीआरपी ने मुकदमा दर्ज कर संबंधित थाने को मुकदमा स्थानांतरित कर दिया।
कोलकाता से उदयपुर जा रही अप 12315 अनन्या एक्सप्रेस ट्रेन के कोच संख्या एसी बी- 3 के सीट संख्या 65, 66 संगीता कनोडिया अपने पति श्याम कृष्ण कनोडिया के साथ यात्रा कर रही थी। पटना स्टेशन के समीप उचक्कों ने संगीता का बैग चुरा लिया। स्थानीय स्टेशन पर ट्रेन पहुंचने पर महिला यात्री जीआरपी में तहरीर दी। उसने बताया कि वह जसीडीह से कानपुर की यात्रा कर रही है। पटना स्टेशन के समीप वह अपने सीट पर खाना खा रही थी। इसी बीच उसी कोच में बैठा सहयात्री उसका बैग ले भागा। काफी तलाश के बाद वह एक कोच के बाथरूम में बंद मिला। बाहर निकलने पर उसकी तलाशी ली गई लेकिन कुछ नहीं मिला। बैग में दस हजार रुपये नकद, तीन एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, डीएल, कीमती मोबाइल, डायमंड नेकलेस आदि था। जीआरपी ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर केस पटन रेफर कर दिया। इसी तरह आगरा से कोलकाता जा रही 12320 डाउन आगरा कोलकाता एक्सप्रेस में यात्रा कर रहे हजारी बाग झारखंड निवासी राहुल शरमिा का मोबाइल चोरों ने कानपुर के पास चुरा लिया। इस संबंध में प्रभारी अतिरिक्त निरीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर संबंधित थाने को भेज दिया गया है।