चंदौली। जिला मुख्यालय से शनिवार को बैंक से रुपये निकाल कर घर वापस आ रहे वृद्ध से रुपये लूट के मामले में रविवार को क्राइम ब्रांच और सदर कोतवाली पुलिस ने दो युवकों को उठा लिया। इसके बाद परिवार वालों को जानकारी होने पर कोतवाली पहुंच गए और हंगामा करने लगे। परिवार वालों का कहना था कि पुलिस उन्हें फंसा रही है। बाद में हंगामा देखकर पुलिस ने युवकों से पूछताछ करने, बाइक का पेपर देखने और उनकी पहचान के बाद उन्हें छोड़ दिया। युवकों ने बताया कि वह अपनी बाइक से सकलडीहा घर जा रहे थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने मुख्यालय स्थित डाकघर के पास उन्हें ओवर टेक करके अपनी सूमो में बैठा लिया और कोतवाली ले आए। पहले तो यह देख आसपास मौजूद लोग हतप्रभ रह गए और अपहरण की आशंका जताने लगे।