शिकारगंज। चकिया थाना क्षेत्र के पंचफेडिया गांव में पिछले दिनों लापता विवाहिता की हत्या मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार, दहेज के लिए ससुराल वालों ने विवाहिता की हत्या कर शव को गंगा नदी में फेंक दिया था। पुलिस ने विवाहिता के पिता की तहरीर पर ससुराल पक्ष के आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है और पति सहित पांच को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, नौ अगस्त को मिर्जापुर जनपद के अदलहाट थानांतर्गत श्रीपुर निवासी राजेंद्र प्रसाद ने चकिया कोतवाली अंतर्गत पचफेड़िया निवासी बेटी के ससुरालवालों पर बेटी की हत्या कर शव को गायब करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। आरोप लगाया कि उसकी बेटी सुरमिला (19) का विवाह इसी वर्ष पचफेडिया निवासी रामनरेश के पुत्र पंकज के साथ की थी। शादी के बाद से दहेज के लिए बेटी को प्रताड़ित किया जा रहा था और अब उसकी हत्या कर दी गई है। पिता की तहरीर पर पुलिस विवाहिता सुरमिला की गुमशुदगी दर्ज कर ली और विवाहिता की खोजबीन शुरू कर दी। पुलिस ने पिता की तहरीर पर पति सहित ससुराल पक्ष के कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। पूछताछ में ससुराल वालों ने स्वीकार किया कि उन्होंने विवाहिता की हत्या कर मिर्जापुर जनपद अंतर्गत नरायनपुर पुलिस चौकी के बरईपुर के समीप गंगा नदी में अंतिम संस्कार कर दिया। इस स्वीकृति के आधार पर पुलिस ने विवाहिता की हत्या कर शव गायब करने के आरोप में पति पंकज, जेठ रामाज्ञा, सास तीजा, श्वसुर रामनरेश, ननद रीना और बीडीसी सुरेंद्र, रामाश्रय, महेंद्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। बीडीसी सुरेंद्र, रामाश्रय और महेंद्र फरार है बाकी को गिरफ्तार कर लिया गया है।