पीडीडीयू नगर। कोतवाली क्षेत्र के मवईकला, सुल्तानीपुर गांव में मंगलवार को रिंग रोड के लिए अधिग्रहीत की जा रही भूमि का विरोध करने वाले किसानों के खिलाफ राजस्व विभाग की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार को मुकदमा दर्ज कर लिया। प्रभारी राजस्व निरीक्षक की तहरीर पर पुलिस ने नामजद नौ किसानों सहित 39 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। किसान उचित मुआवजे की मांग को लेकर किसान लंबे समय से संघर्ष कर रहे हैं।
मंगलवार को मवई गांव में प्रशासनिक टीम पुलिस के साथ किसानों की जमीन का अधिग्रहण करने पहुंची थी। इस दौरान किसान विरोध में उतर आए और वाराणसी में रिंग रोड से प्रभावित किसानों को जो मुआवजा दिया गया है उसी दर पर उन्हें भी मुआवजे का भुगतान किया जाए। साथ ही नाराज किसानों ने काम रोकवा दिया था। प्रभारी राजस्व निरीक्षक विनोद कुमार पांडेय की तहरीर पर कोतवाली पुलिस मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है। इसमें नौ किसान नामजद और 30 अज्ञात लोग शामिल हैं। सीओ प्रदाप सिंह चंदेल का कहना है कि सरकारी काम में बाधा पहुंचाने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।