पीडीडीयू नगर। अलीनगर थाना क्षेत्र के कैली चौराहे पर रविवार की रात अंग्रेजी शराब की दुकान का ताला तोड़ कर चोरों ने नगदी सहित हजारों रुपये की शराब पार कर दी। सुबह चोरी की जानकारी होने पर दुकानदार ने पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस पड़ताल करने के बाद मामले का जल्द खुलासा करने का आश्वासन दिया। क्षेत्र के अहलिया गांव निवासी अरविंद सिंह के अंग्रेजी शराब की दुकान कैली चौराहे पर है। रविवार की देर शाम सेल्समैन संजय यादव दुकान बंद कर अपने घर चला गया। आधी रात के बाद चोरों ने शटर का ताला तोड़कर अंदर से हजारों रुपये नकदी और सात हजार रुपये मूल्य की शराब की बोतलें लेकर भाग निकले। सोमवार की सुबह ग्रामीण शौच के लिए निकले लेकिन शराब की दुकान का ताला टूटा देखा तो सूचना दुकानदार को दी। कुछ देर बाद पहुंचे अरविंद सिंह ने दुकान से शराब की बोतलें गायब देख इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना कर जांच पड़ताल में जुट गई।