मुगलसराय। हावड़ा से ग्वालियर जा रही अप चंबल एक्सप्रेस ट्रेन के स्लीपर कोच एस-5 में एक महिला के साथ सहयात्री ने छेड़छाड़ की। महिला की शिकायत पर आरोपित को सासाराम में आरपीएफ ने हिरासत में ले लिया। ट्रेन के मुगलसराय पहुंचने पर पीड़ित की तहरीर पर जीआरपी ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं आरपीएफ ने आरोपित को जीआरपी के हवाले कर दिया।
ग्वालियर से जैन समुदाय के कुछ लोग दर्शन पूजन के लिए पारसनाथ गए थे। दर्शन पूजन के बाद दर्शनार्थियों का जत्था चंबल एक्सप्रेस ट्रेन से ग्वालियर लौट रहा था। इस बीच एस-5 में सीट संख्या 66 पर बैठे यात्री ने दर्शनार्थियों के जत्थे में शामिल एक महिला से छेड़छाड़ शुरू कर दी। ग्रुप के सदस्यों ने मोबाइल से रेलवे कंट्रोल को इसकी सूचना दी। कंट्रोल की सूचना पर ट्रेन के सासाराम पहुंचने पर आरपीएफ ने आरोपित जहानाबाद निवासी पवन को हिरासत में ले लिया। हालांकि वहां मुकदमा दर्ज नहीं हो पाया। ट्रेन शनिवार की सुबह स्थानीय रेलवे स्टेशन पर पहुंची तो पीड़ितों ने जीआरपी में पहुंच कर तहरीर दी। इसके आधार पर जीआरपी ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई में जुट गई। इस बीच दूसरी ट्रेन से आरपीएफ आरोपित को लेकर पहुंच गई। जीआरपी ने आरोपित को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई में जुट गई। इस संबंध में जीआरपी मुगलसराय प्रभारी आरके सिंह ने बताोया कि शून्य पर मुकदमा दर्ज कर उसे गोमो जीआरपी को भेजा जा रहा है।