सकलडीहा (ब्यूरो)। बीते दिनों बरडीहा गांव में चोरी की घटना में पीड़ित द्वारा संदेह व्यक्त किए गए एक युवक का पुलिस द्वारा नाम डाल देने और उसके परिजनों को परेशान करने पर ग्रामीणों में आक्रोश है। शनिवार को ग्रामीणों ने युवक का नाम हटाने की मांग को लेकर गांव में ही नारेबाजी की।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बीते 17 जुलाई को गांव में हुई चोरी की घटना में पुलिस दबाब में आकर गांव के एक युवक के नाम से मुकदमा दर्ज कर दी है। जबकि युवक तीन माह से बाहर काम कर रहा है। यही नहीं युवक के छोटे भाई को पुलिस हर रोज मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रही है। इसकी जानकारी होने पर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने पुलिस पर अत्याचार करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा वापस करने की मांग की। चेताया कि पुलिस जांचकर युवक का नाम नहीं हटाई और उत्पीड़न बंद नहीं की तो ग्रामीण सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। इस दौरान बसंती, महेन्द्र, सिरपत, लच्छू, श्रीनाथ, श्यामा, रामकृत आदि मौजूद रहे।