नई बाजार। स्थानीय पुलिस चौकी अंतर्गत तुलसी आश्रम बाजार में मंगलवार की रात चोरों ने जवाहर लाल उर्फ राजेश गुप्ता के तीन दुकानों में सेंध लगाकर नकदी, गहने सहित डेढ़ लाख रुपये मूल्य से अधिक का सामान चुरा लिया। बुधवार की सुबह दुकान खोलने पहुंचे जवाहर के पुत्र राजीव ने सामान बिखरा देखा तो होश उड़ गए। जवाहर ने चोरी की सूचना पुलिस को दी। दुकानदार की तहरीर पर पुलिस अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है। तुलसी आश्रम निवासी जवाहर उर्फ राजेश गुप्ता ने मकान से सटे ही कटरा बनवा रखा है। इसमें उसने नीचे खाद की दुकान और उपर में बिसातबाने और कपड़े की दुकान खोल रखी है। प्रतिदिन की तरह रात में वह दुकान बंद कर घर चला गया। आधी रात के बाद किसी वक्त चोर नीचले तल पर खाद की दुकान में चोर घुसे और सेंध लगाकर उपर के दुकान में पहुंच गए। दुकान से 15 हजार रुपये नकद, आर्टिफिसियल गहनों के साथ एक लाख रुपये मूल्य के जनरल स्टोर और बिसातबाने का सामान चुरा लिया। बुधवार की सुबह जवाहर लाल का पुत्र राजीव दुकान खोला तो अंदर कैस काउंटर टूटा और सामान बिखरा देखा तो शोर मचाया। शोर सुनकर आस पास के लोग एकत्र हो गए। जवाहर लाल ने बताया कि कपड़े की दुकान के काउंटर में उसकी पत्नी के मंगलसूत्र, आठ हजार रुपये नकदी रखे थे। इसी तरह बिसातबाने की दुकान में सात हजार रुपये नकद सहित अन्य सामान चुरा लिया। जवाहर ने कोतवाली में तहरीर दी। इस पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुट गई। वहीं चोरी की बड़ी घटना से इलाके में दहशत है। एक माह पहले भी दो दुकानों से चोरों ने लाखों रुपये मूल्य के सामान चुराए थे। इस चोरी की घटना का खुलासा नहीं हुआ कि यह दूसरी घटना हो गई। इस संबंध में सीओ सकलडीहा त्रिपुरारी पांडेय ने बताया कि चोरी की रिपोर्ट दर्ज की गई है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।