पीडीडीयू नगर के कैलाशपुरी में चैन स्नैचिंग के बाद मौके पर पहुंची पुलिस। संवाद
- फोटो : CHANDAULI
पीडीडीयू नगर। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के कैलाशपुरी में शुक्रवार को दोहपर एक बजे बदमाशों ने महिला के गले से दिनदहाड़े सोने की चेन छीन ली और फरार हो गये। घटना के वक्त महिला घर के गेट के बाहर खड़ी थी। मौके पर पहुंची पुलिस छानबीन में जुट गई। चेन की कीमत पचास हजार रुपये बतायी जा रही है। कैलाशपुरी कालोनी में बर्तन साफ करने के नाम पर घूम रहे दो बदमाश रेलवे में लोको पायलट नरेंद्र सिंह के घर गये। जहां उन्होंने उनकी पत्नी रंजना सिंह को पीतल व तांबे के बर्तन साफ करने वाला पाउडर बेचने के लिए बुलाया। बदमाशों ने महिला को बर्तन साफ करके दिखाया भी। महिला जैसे ही घर में भीतर जाने के लिए मुड़ी की तभी बदमाशों ने महिला के गले से सोने की चेन छीन ली और भाग निकले। लोगों ने बताया कि बदमाशों ने गली के बाहर एक बाइक खड़ी की थी। मौके पर पहुंचे मुगलसराय कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजीव रंजन उपाध्याय ने महिला से पूछताछ की और आसपास के क्षेत्र में लगे सीसी कैमरे की मदद से बदमाशों की पहचान करने में लगे रहे। सीओ सदर रामवीर सिंह ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। जल्दी ही बदमाशों को पकड़ लिया जाएगा। उधर, लोगों को कहना है कि पिछले दिनों क्षेत्र में हुई एक लूट और छह अन्य चोरी की घटनाओं का पुलिस अब तक खुलासा नहीं कर सकी है। ऐसे में शुक्रवार को बदमाशों ने छिनैती की घटना को अंजाम देकर पुलिस को चुनौती दे दी।