पीडीडीयू नगर। भाई बहन के प्रेम का प्रतीक रक्षाबंधन सोमवार को मनाया जाएगा। रविवार को बाजार में खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ जुटी। इस बार सोने चांदी के राखियों की भी क्रेज देखा गया। पीडीडीयू नगर में करीब 50 लाख रुपये की सोने और चांदी की राखियां बिकीं। राखी के अलावा मिठाई और उपहार की दुकानों में भी खरीदारों की भीड़ रही।
इस बार रक्षाबंधन का शुभ मुहूर्त दोपहर के बाद रहेगा। चतुर्भुजपुर निवासी पं. कुंज बिहारी मिश्र ने बताया कि रक्षाबंधन पर सर्वार्थ सिद्धि और रवि योग बन रहा है। दोनों योग सुबह 5.53 से सुबह 8.10 बजे तक रहेंगे। वहीं शोभन योग पूरे दिन रहेगा। हालांकि सुबह से ही भद्रा का साया है। इसी वजह से दोपहर में 1:25 बजे के बाद बहनें भाइयों की कलाई पर राखी बांधेंगी।
वहीं, रेशम के साथ सोने-चांदी की राखियों की डिमांड बढ़ी है। रत्नदीप ज्वेलर्स के ताजेंद्र कौर सिंह ने बताया कि सोने-चांदी की आकर्षक डिजाइन की राखियाें की खूब बिक्री हो रही है। वहीं, बनारस स्वर्ण कला केंद्र की अधिष्ठात्री अनुराधा जायसवाल ने कहा कि चांदी के ब्रेसलेट के आकार की राखियां के साथ रेशम के धागों में पिरोए गए सोने की राखियां लोग पसंद कर रहे है।