चंदौली। जनपद एवं सत्र न्यायाधीश विनय कुमार द्विवेदी ने तीन लोगों के कोरोना पॉजिटिव की रिपोर्ट आने के बाद जनपद के सभी न्यायालय व कार्यालय को दो दिनों के लिए बंद करने का निर्देश दिया है। दरअसल कोरोना जांच के लिए पिछले दिनों लिए गये सैंपल की रिपोर्ट बृहस्पतिवार को आई है। जिसमें जनपद एवं सत्र न्यायाधीश विनय कुमार द्विवेदी व पूर्णकालिक सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कामायनी दुबे व जनपद न्यायालय में कार्यरत ड्राइवर रामप्यारे यादव की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके बाद जनपद न्यायालय को पूर्ण रूप से सैनिटाइज करने के लिए जनपद न्यायालय को 23 और 24 अप्रैल को बंद रखने के लिए निर्देश दिया गया है । इस दौरान जनपद न्यायालय के सभी कार्यालयों व न्यायालयों एवं परिसर को सैनिटाइज किया जाएगा।