चंदौली। शासन के निर्देश पर जनपद के परिषदीय विद्यालय एक जुलाई से खुलेंगे। इसमें पठन-पाठन का कार्य शुरू नहीं होगा, लेकिन अध्यापकों की उपस्थिति अनिवार्य होगी। साथ ही अध्यापक बच्चों के पहुंचने से पहले स्कूलों की व्यवस्था को सुव्यवस्थित कराएंगे, ताकि स्कूल खोलने के दौरान किसी प्रकार की कोई समस्या ना रह पाए। इसके बाबत जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी भोलेंद्र प्रताप सिंह ने शासन की गाइड लाइन जारी कर दिया है। निर्देश दिया कि समय से पहुंचकर अध्यापक जरूरी कामों को पूर्ण कराएं। कोरोना संक्रमण के चलते बंद चल रहे परिषदीय स्कूल एक जुलाई से खुलेंगे। शिक्षक स्कूलों में जाकर बच्चों की ड्रेस, किताब सहित अन्य कार्य देखेंगे। स्कूलों में अभी बच्चों को बुलाने के आदेश नहीं दिए गए हैं, लेकिन शासन का आदेश मिलने के बाद विभाग ने जिले के 1512 स्कूलों को खोलने की तैयारी शुरू कर दी है। इसमें 1002 प्राथमिक विद्यालय और 510 उच्च प्राथमिक विद्यालय शामिल हैं। जहां पर 149000 बच्चे पठन पाठन का कार्य करते हैं। इन विद्यालयों की साफ-सफाई व अन्य मरम्मत कार्यों की देखरेख भी शुरू करा दी गई है।