चकिया। स्थानीय सावित्रीबाई फूले राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के विवेकानंद सभागार में शारीरिक शिक्षा एवं योग कोविड-19 के विशेष संदर्भ में सात दिवसीय सेमिनार का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन, मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण और महाविद्यालय की छात्राओं के सरस्वती वंदना गायन से हुआ। सेमीनार में वक्ताओं ने कोरोना से बचाव के लिए इम्यून सिस्टम की मजबूती पर जोर दिया। उद्घाटन सत्र में काशी हिंदू विश्वविद्यालय शारीरिक शिक्षा विभाग के प्रोफेसर दिलीप कुमार दुरेहा ने कहा कि कोविड महामारी के चलते विश्व को क्षति उठानी पड़ी है। इसलिए किसी भी तरह की बीमारी या वायरस का मुकाबला करने के लिए शरीर में इम्यून सिस्टम को मजबूत बनाने की आवश्यकता है। यह भारतीय योग पद्धति के जरिए आसानी से प्राप्त की जा सकती है। विशिष्ट अतिथि काशी हिंदू विश्वविद्यालय के शारीरिक शिक्षा विभाग के पूर्व विभागाध्यक्ष प्रो. अभिमन्यु सिंह ने कहा कि कोरोना जैसी महामारी से बचाव के लिए स्वच्छता अपनाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सोशल डिस्टेंसिंग एवं मास्क लगाने के साथ ही स्वच्छता के आवश्यक आयामों को जीवन पद्धति में सम्मिलित करने की जरूरत है। सेमिनार के दौरान योगाचार्य योगी सागर कनौजिया ने अपने योग कौशल के जरिये शरीर को स्वस्थ बनाने एवं शरीर का इम्यून सिस्टम मजबूत करने की विधा का प्रदर्शन किया। अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. संगीता सिन्हा ने और संचालन डॉ. अमिता सिंह ने किया। सेमिनार के दूसरे सत्र में हरिश्चंद्र पीजी कॉलेज वाराणसी के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. संजय कुमार सिंह ने शरीर में इम्यूनिटी बढ़ाने के लिए आवश्यक तत्वों एवं योग करने की नसीहत दी। सेमिनार में डॉ. रमाकांत गोंड़, डॉ. मिथिलेश कुमार सिंह, डॉ. पवन कुमार सिंह, डॉ. संतोष कुमार यादव, डॉ. शमशेर बहादुर सिंह, अनिल सिंह ने विचार व्यक्त किए।