पंडित दीनदयाल उपाध्याय रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक राजेश कुमार पांडेय ने कहा कि व्यापारियों को माल ढुलाई के लिए रेलवे अनेक अवसर दे रहा व्यापारियों को इसका लाभ उठाना चाहिए। पिछले वितीय वर्ष में रेलवे ने माल ढुलाई में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। डीआरएम बृहस्पतिवार को बिजनेस डेवलेपमेंट यूनिट की वर्चुअल बैठक में बोल रहे थे। बैठक के पूर्व वरीय मंडल परिचालन प्रबंधक सुधांशु रंजन ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से व्यापारियों को पीडीडीयू मंडल में विभिन्न स्टेशनों पर गुड्स शेड संबंधी किए गए कार्यों, माल लदान की सुविधाओं व उपलब्धियों एवं आगे की कार्य योजना के बारे में बताया। बैठक की अध्यक्षता करते हुए डीआरएम राजेश कुमार पांडेय ने कहा कि पंडित दीन दयाल उपाध्याय रेल मंडल (डीडीयू मंडल) में माल परिवहन में वृद्धि के साथ-साथ व्यापारी बंधुओं की सुविधा के लिए लगातार काम हो रहे है। पीडीडीयू मंडल में पीडीडीयू, भभुआ, पहलेजा, सासाराम, सोन नगर, अनुग्रह नारायण रोड, गया, मानपुर, कोशिआरा, जपला आदि स्टेशनों पर गुड्स शेड का विकास किया गया है। इसी का नतीजा है कि मंडल में खाद्यान्न के लदान में इस वितीय वर्ष में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है। व्यापारियों को कृषि उत्पाद सहित अन्य सामग्रियों के परिवहन में उपलब्ध संभावनाओं का अतिरिक्त प्रयास कर लाभ उठाना चाहिए। बैठक में हिस्सा लेने वाले व्यापारीगण से सुझाव भी लिए गए। मंडल रेल प्रबंधक एवं उपस्थित अधिकारियों ने व्यापारियों की ओर से बताये गए माल लदान व परिवहन नीतियों एवं विभिन्न गुड्स शेडों पर सुविधाओं में सुधार व उन्नयन संबंधी सुझावों पर गंभीरता से कार्य करते हुए मंडल में माल परिवहन सुविधा में यथोचित और सुधार की बात कही।