चंदौली। आयुष्मान भारत-प्रधान मंत्री जन आरोग्य योजना की प्रदेश की समस्त जिला इकाईयों (डिस्ट्रिक्ट इम्प्लीमेंटेशन यूनिट) की तरफ से 12 सदस्यीय प्रतिनिधि मंडल ने उपमुख्यमंत्री व चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री बृजेश पाठक से मुलाकात की। प्रतिनिधि मंडल ने बताया कि संविदाकर्मियों के तीनों कार्मिक (डिस्ट्रिक्ट प्रोग्राम कॉर्डिनटोर, डिस्ट्रिक्ट इनफार्मेशन सिस्टम मैनेजर एवं डिस्ट्रिक्ट ग्रीवन्स मैनेजर) के मानदेय में किसी प्रकार की कोई वृद्धि नहीं हुई है, जबकि सभी संविदा कार्मिकों के लिए प्रति वर्ष पांच प्रतिशत की वृद्धि एवं तीन वर्ष की सेवा पूर्ण होने के उपरांत 15 प्रतिशत का लॉयल्टी बोनस दिए जाने का प्रावधान है। साढ़े तीन वर्ष पूर्ण हो जाने के बाद भी अभी तक मानव संसाधन नीति लागू नहीं की गई है। आग्रह किया कि प्रदेश के आयुष्मान भारत के कर्मचारियों के हित में उचित निर्णय लेते हुए मानदेय बढ़ाने की कृपा करें।