इंडियन गैस एजेंसी गोदाम पर उपभोक्ताओं में नाराजगी देखने को मिल रही है। सोमवार देर रात 12 बजे से ही उपभोक्ता गैस सिलिंडर लेने के लिए लाइन में लग गए। मंगलवार सुबह दस बजे सिलिंडर का वितरण शुरू हुआ। उपभोक्ताओं का कहना है कि उन्होंने अलग-अलग तिथियों में किसी ने 1, किसी ने 5 और किसी ने 7 तारीख को ऑनलाइन बुकिंग कराई थी, लेकिन समय पर गैस सिलिंडर उपलब्ध नहीं हो सकी। स्थिति यह रही कि सैकड़ों की संख्या में उपभोक्ता अपने-अपने गैस सिलिंडर को लेकर गोदाम के बाहर लाइन में खड़े रहे। इनमें सूर्यपाल सिंह, सूरज सिंह, रहमतुल्लाह, नगीना, शेखर, सत्येंद्र सहित कई लोग शामिल रहे। उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि एजेंसी की ओर से समय पर गैस सिलिंडर वितरण नहीं किया जा रहा है, जिससे उन्हें रातभर लाइन में खड़ा रहना पड़ रहा है। इस मामले में जिला आपूर्ति अधिकारी मनीष सिंह ने कहा कि गैस सिलिंडर की आपूर्ति में किसी प्रकार की बाधा नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि गैस एजेंसी संचालकों की जिम्मेदारी है कि वे समय पर गैस सिलिंडर का उठान कर उपभोक्ताओं तक वितरण सुनिश्चित करें।