सकलडीहा। सकलडीहा-चंदौली मार्ग पर पेट्रोल पंप के पास मंगलवार की रात में यू-टर्न लेने के दौरान दो बाइकों की टक्कर हो गई। हादसे में रतनपुरा गांव निवासी बाढ़ू राजभर (19) की मौत हो गई। वहीं, बाइक पर पीछे बैठे भीम राजभर (20) घायल हो गए। बाढ़ू आरओबी निर्माण कर रही कार्यदायी संस्था में काम करते थे। वह रात में काम से छुट्टी होने के बाद अपने सहयोगी के साथ पेट्रोल लेने जा रहे थे। तभी दुर्घटना हो गई। ग्रामीण दोनों को सकलडीहा सीएचसी ले गए। यहां से उन्हें जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। जहां डॉक्टरों ने बाढ़ू को मृत घोषित कर दिया। थानाध्यक्ष भूपेंद्र कुमार निषाद ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर कार्रवाई की जाएगी शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।