पीडीडीयू नगर। जिले में बाल दिवस धूमधाम से मनाया गया। स्कूलों में बच्चों ने पूर्व प्रधानमंत्री और अपने प्रिय चाचा पं. जवाहरलाल नेहरू को याद किया। इस मौके पर स्कूलों में बाल मेले का आयोजन किया गया। इसमें बच्चों ने खूब मस्ती की। इस मौके पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित हुए। इसमें बच्चों की प्रतिभा निखरी। नगर के नई बस्ती स्थित विद्या पब्लिक स्कूल में विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इसमें बच्चों ने प्रदूषण से बचाव, सौर मंडल, वाटर पार्क आदि का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रबंधक अजय कुमार सिंह ने की। अलीनगर सकलडीहा रोड स्थित ज्योति कॉन्वेंट स्कूल में बच्चों ने केक काटकर चाचा नेहरू की जयंती मनाई। इस मौके पर विद्यालय के चेयरपर्सन कृष्ण मोहन गुप्ता ने कहा कि नेहरू ने भारत में बच्चों को कई मूलभूत सुविधाएं हासिल भी करायी हैं। इसके पूर्व बच्चों ने गीत, कविता, नृत्य, हास्य व्यंग, कहानियां सुनाकर लोगों का दिल जीता। इस मौके पर सनोज कुमार, सन्नी शर्मा, नवीन भूषण, निहोरि यादव, तापसी मंडल आदि रहीं। केंद्रीय विद्यालय मानस नगर में बाल दिवस पर बच्चों के बीच फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता कराई गई। इसमें बच्चों ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के वेश में लोगों का मन मोहा। इस अवसर पर प्राचार्य केके भारती, मनीष पांडेय, सतीश चंद्र आदि रहे। नगर के सिकटिया फ्लश बट के समीप स्थित होली फैथ कांवेंट स्कूल में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस मौके पर मुख्यअतिथि प्रबंधक राकेश कुमार ने छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया । नगर के नई बस्ती स्थित एक्सीलेंट बायो इंस्टीट्यूट में बच्चों ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर प्रबंधक ब्रजेश गुप्ता, अध्यापक आरके दीक्षित, आरजू, स्नेहा, चांदनी आदि रहीं। अलीनगर स्थित राधा कृष्ण महिला महाविद्यालय और राधा कृष्ण इंटर कॉलेज में बाल मेले का आयोजन किया गया। इसका उद्घाटन प्रबंधक बैजनाथ यादव ने फीता काटकर किया। बाल मेले में छात्र-छात्राओं ने विभिन्न तरह की मिठाइयां बनाई। ताराजीवनपुर : सुधांशु उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मनोहरपुर में भी बाल मेले में बच्चों ने सांस्कृतिक प्रोग्राम कर बैठे लोगों का मन मुग्ध कर लिया। अलीनगर स्थित न्यू प्रीपवेल क्लासेज में डॉयरेक्टर सुरेश कुमार ने पूर्व प्रधानमंत्री के चित्र पर माल्यार्पण व छात्र-छात्राओं से केक कटवाकर बाल दिवस मनाया और उनको पुरस्कृत किया। कूढ़कला प्राथमिक विद्यालय पर बच्चों के बीच रेलवे चाइल्ड लाइन संस्था ने बिस्कुट टॉफी वितरित किया। इस दौरान चाचा नेहरू के जन्मदिन पर केक भी काटा गया। मुख्य अतिथि आरपीएफ के प्रभारी निरीक्षक संजीव कुमार, सीडब्ल्यूसी धर्मेंद्र सिंह, प्रधानाचार्य शैलेंद्र कुमार मिश्रा आदि रहे।