पीडीडीयू रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को जागरूक करते मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक राजेश कुमार। स्रोत:
पीडीडीयू नगर। विश्व पर्यावरण दिवस के तहत रेलवे की ओर से चलाए जा रहे मिशन लाइफ अभियान के क्रम में मंगलवार को पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर पानी के गुणवत्ता की जांच की गई। इस दौरान स्टेशन के वाटर बूथों की विशेष साफ सफाई की गई। वहीं यात्रियों को जल संरक्षण और उर्जा बचत के प्रति जागरूक किया गया। रेलवे की ओर से 15 मई से 5 जून तक विश्व पर्यावरण दिवस जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत मंगलवार को जल सुविधाओं, वाटर बूथों एवं अन्य पेयजल व्यवस्थाओं की विशेष सफाई एवं स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान स्वच्छ पेयजल सुविधाओं के महत्व तथा जल संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाते हुए स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया गया। पीडीडीयू जंक्शन पर मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक राजेश कुमार की देखरेख में वाटर बूथों को साफ किया गया। वहीं यात्रियों को जागरूक किया गया। इसी क्रम में सासाराम स्टेशन पर रेलकर्मियों के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के माध्यम से कर्मचारियों के स्वास्थ्य परीक्षण किए गए तथा स्वस्थ जीवनशैली, स्वच्छता एवं पर्यावरणीय स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया।