शिकारगंज। स्थानीय पुलिस चौकी क्षेत्र के बोदलपुर गांव में मंगलवार की रात प्रधान पद के दो उम्मीदवारों व उनके समर्थकों के बीच चुनाव को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों की ओर से लाठी-डंडे निकल आए और जमकर मारपीट हो गई। इसमें एक पक्ष से पांच व दूसरे पक्ष से दो लोग घायल हो गए। मारपीट में बोदलपुर ग्राम पंचायत के प्रधान पद के उम्मीदवार रामलाल यादव (57), मंगल यादव (50), बाढू यादव (55), बलवंत यादव (53), विकाश यादव (40) तथा दूसरे पक्ष के प्रधान पद के उम्मीदवार उदयनाथ यादव के पक्ष के भी दो लोग भी घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों का इलाज निजी चिकित्सालय में कराया। पुलिस दोनों पक्षों की तहरीर पर आठ लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई में जुट गई है। मारपीट के बाद गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। संवाद