पीडीडीयू जंक्शन पर बरामद शराब के साथ तस्कर (बीच मे ) और आरपीएफ के जवान।
- फोटो : Amar Ujala
रेलवे स्टेशन पर तस्करी कर ले जाए जा रहे शराब बरामद
जीआरपी और आरपीएफ के संयुक्त अभियान में मिली सफलता
संवाद न्यूज एजेंसी
सचित्र-
पीडीडीयू नगर। राजकीय रेलवे पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल ने शनिवार की देर शाम चेकिंग के दौरान तस्करी कर ले जाए जा रहे शराब की खेप बरामद की। इस दौरान दो तस्कर भी पकड़ गए। दोनों युपी से शराब की खेप ट्रेन से बिहार ले जाने की फिराक में थे। शराब बरामद कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
रेलवे सुरक्षा बल और राजकीय रेलवे पुलिस लगातार स्टेशन पर जांच अभियान चला रही है। इसी क्रम में शनिवार की शाम सुरक्षा कर्मी स्टेशन पर गश्त कर रहे थे। शाम पौने चार पर स्थानीय रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या एक और दो के पूर्वी छोर पर स्टेशन नाम पट्टिका के समीप दो युवक संदिग्ध हाल में खड़े दिखे। दोनों को पकड़ कर उनके बैग की तलाशी ली गई तो पिट्ठू बैग और बोरे से 435 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद हुई। बरामद शराब की कीमत 66 हजार नौ सौ रुपये बताई गई। पूछताछ में दोनों ने अपना नाम क्रमशःरामू शर्मा निवासी काली महाल पीडीडीयू नगर और सूरज कुमार निवासी वार्ड नं. 05 गोविंदपुर फतुआ पटना बिहार बताया। जीआरपी निरीक्षक सुरेश कुमार सिंह और आरपीएफ निरीक्षक संजीव कुमार ने बताया कि दोनों ने स्वीकार किया वे यूपी से शराब तस्करी कर बिहार ले जाते हैं और वहां ऊंचे दाम पर बेचते हैं। बरामद शराब को जब्त कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी टीम में जीआरपी से एसआई करुणेशचंद्र शुक्ला, आरपीएफ के एसआई मुकेश कुमार, जीआरपी के हेड कांस्टेबल राज बहादुर सरोज, सुशील यादव, कौशल कुमार और आरपीएफ के आरक्षी सदानंद यादव रहे।