पत्नी से विवाद के बाद जहर खाकर युवक ने दी जान
चकिया थाना क्षेत्र के सैदुपुर की घटना,दो माह पूर्व मायके चली गयी थी पत्नी
संवाद न्यूज एजेंसी
इलिया। चकिया कोतवाली क्षेत्र के सैदूपुर कस्बा में शनिवार की देर शाम
पत्नी से मोबाइल पर हुए विवाद के बाद युवक ने जहर खा लिया। हालत बिगड़ने
पर परिजन उसे इलाज के लिए चकिया स्थित जिला संयुक्त चिकित्सालय ले जाने
लगे पर रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। स्वास्थ्य केंद्र पहुंचने पर
चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव
को रात में ही मर्चरी में रखवा दिया। इसके बाद रविवार की सुबह
पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया गया है।
गांव निवासी विजय नरायन शर्मा के पांच पुत्रों में विमल शर्मा उर्फ बबलू
(28) चौथे नंबर पर था। वह मुंबई के निजी संस्थान में नौकरी करता था।
कोरोना संक्रमण के चलते वह विगत एक वर्ष से घर पर ही रहकर मजदूरी कर रहा
था। विमल की शादी बिहार के कैमूर में हुई थी। शादी के बाद दो पुत्रियां
हुईं। कुछ दिनों से से उसकी पत्नी से पट नहीं रही थी और कलह होता रहता
था। इससे ऊबकर करीब दो माह पूर्व उसकी पत्नी मायके चली गई थी। इसके बाद
भी मोबाइल फोन से दोनों में विवाद होता रहता था। इसी बीच शनिवार की देर
शाम मोबाइल फोन पर पत्नी से बातचीत के दौरान हुई अनबन के बाद विमल ने
पहले से घर में लाकर रखा जहर खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिवार के लोग
एंबुलेंस बुलाकर इलाज के लिए उसे जिला चिकित्सालय ले जा रहे थे कि रास्ते
में ही उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिजनों व ग्रामीणों में शोक की
लहर दौड़ गई है। प्रभारी निरीक्षक राजेश यादव ने बताया कि परिवारिक कलह
के बाद युवक ने जहर खाकर खुदकुशी कर ली है। शव को पोस्टमार्टम के लिए
भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।