सैयदराजा। स्थानीय थाना अंतर्गत नौबतपुर के परेवा रेलवे क्रासिग के पास ढाबे पर रुकी बस से उतरी दो महिलाओं की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। महिलाएं सगी बहने थी और छत्तीसगढ़ से परिवार वालों के साथ पिंडदान के लिए बस से गया जा रही थी। घटना सोमवार की देर शाम हुई। घटना से इलाके में खलबली मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों बहनो के शव कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई में जुटी है।राजस्थान के किरना थाना टीलड़ा मेवाड़ निवासी सावित्री वर्मा (53) पत्नी अशोक वर्मा और लक्ष्मी वर्मा (56) पत्नी नेतराम वर्मा निवासी निरनीहाटा पारा, बड़ौत बाजार ,छत्तीसगढ़ सगी बहने थी। दोनों परिवार वालों के साथ पिंडदान के लिए रायपुर से गया के लिए चली थी। सोमवार की रात पिंडदानियों से भरी बस नौबतपुर के परेवा रेलवे क्रासिंग के समीप एक ढाबे पर बस रुकी। यात्री उतर कर खाना खाने लगे। वहीं लक्ष्मी और सावित्री शौच के लिए रेलवे लाइन के किनारे गई थी। इसी बीच मालगाड़ी आ गई। मालगाड़ी को देख दोनों भागने की कोशिश की लेकिन चपेट में आ गई और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। देर तक दोनों के वापस न लौटने पर खोज शुरू तो दोनों के शव रेलवे लाइन के किनारे मिले। इस घटना की खबर मिलते ही बस में सवार अन्य यात्रियों में भी खलबली मच गई। आस पास के लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई में जुटी है। सीओ सदर त्रिपुरारी पांडेय ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।