चकिया। स्थानीय कोतवाली अंतर्गत अमरा उत्तरी गांव में मंगलवार को दसवीं मोहर्रम के अवसर पर ताजिया जलने के मामले में ताजिया दार निजामुद्दीन की तहरीर पर दूसरे समुदाय के सात लोगों पर धार्मिक उन्माद भड़काने की धारा में मुकदमा दर्ज किया गया है। हालांकि किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। वहीं दूसरे दिन गांव में तनावपूर्ण शांति बनी रही। सुरक्षा के लिहाज से पुलिस की तैनाती रही। अमरा उत्तरी गांव में दसवीं मोहर्रम के दिन मंगलवार को इमाम चौक पर रखा गया ताजिया संदिग्ध परिस्थितियों में जल गया। ताजिया के जलने से गांव में दो वर्गो के बीच तनाव की स्थिति हो गई। पुलिस और अधिकारियों की टीम ने लोगों को समझ बुझाकर शांत कराया। गांव के ही तजियादार निजामुद्दीन ने दूसरे समुदाय के सात लोगों के खिलाफ तहरीर दी। बुधवार को तहरीर के आधार पर सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। वहीं गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस की तैनाती रही। पुलिस बल की मौजूदगी के चलते बुधवार को तनावपूर्ण शांति बनी रही। सीओ चकिया कुवंर प्रभात सिंह ने बताया कि एक वर्ग की ओर से दी गई नामजद तहरीर के आधार पर सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।गांव में शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए पुलिस की तैनाती की गयी है।