चंदौली। जिला मुख्यालय पर स्थित चंदौली मझवार रेलवे स्टेशन की सूरत 21.70 करोड़ से संवरेगी। रविवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वर्चुअल तरीके से इसका शिलान्यास किया। पं. दीनदयाल उपाध्याय रेल मंडल के गया, अनुग्रह नारायण रोड, सासाराम, भभुआ रोड, कुदरा, दुर्गावती का विकास किया जाएगा। चंदौली में आयोजित समारोह में भारी उद्योग मंत्री डॉ. महेन्द्रनाथ पांडेय ने भी शिलापट्ट का अनावरण किया।
शिलान्यास कार्यक्रम की शुरूआत सुबह नौ बजे से ही हो गई थी। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत स्टेशनों पर यात्रियों की सुविधाओं के विकास की जानकारी दी गई। बताया गया कि स्टेशन भवन, प्रवेश एवं निकास द्वार, फुटओवर ब्रिज, कॉनकोर्स, प्लेटफॉर्म, सर्कुलेटिंग एरिया, पार्किंग, दिव्यांगों के लिए रैंप, प्रकाश, बैठने व पेयजल व्यवस्था, पहुंच पथ, संकेत एवं निर्देश बोर्ड, ट्रेन डिस्प्ले और उद्घोषणा प्रणाली आदि के कार्य कराए जाएंगे। चंदाैली मझवार स्टेशन के विकास पर 21.70 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
प्रधानमंत्री ने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत वर्चुअल माध्यम से देश भर के 508 रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास का शिलान्यास दिन में 11 बजकर 18 मिनट पर किया। चंदौली मझवार स्टेशन परिसर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सीधा प्रसारण लोगों को सुनाया गया। प्रधानमंत्री ने घर-घर तिरंगा फहराने की अपील की।
पं. दीनदयाल उपाध्याय मंडल के गया जंक्शन पर 299 करोड़, अनुग्रह नारायण रोड स्टेशन 13 करोड़, सासाराम स्टेशन पर 21.32 करोड़, भभुआ रोड स्टेशन पर 24.22 करोड़ कुदरा स्टेशन पर 18.76 और दुर्गावती स्टेशन पर 18.04 करोड़ रुपये की लागत से काम कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पं. दीनदयाल उपाध्याय मंडल में अमृत भारत के तहत 15 स्टेशनों का चयन किया गया है। इसमें साथ स्टेशनों पर कार्य की शुरूआत हुई है।
उद्धाटन समारोह में स्कूृली बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति की। चित्रकला, निबंध और भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। विजेताओं को केंद्रीय मंत्री डॉ. महेन्द्रनाथ पांडेय ने पुरस्कृत किया। इस मौके पर मुगलसराय विधायक रमेश जायसवाल, सैयदराजा विधायक सुशील सिंह, डीआरएम राजेश गुप्ता, सीनियर डीसीएम सुधांशु रंजन, सीनियर डीएन प्रीतम सिंह, सीनियर कमांडेंट जेथिन बी राज, एडीएम अभय कुमार पांडेय, सीडीओ एसएन श्रीवास्तव, भाजपा जिलाध्यक्ष अभिमन्यु सिंह, राणा प्रताप सिंह, सर्वेश कुशवाहा, सूर्यमणि तिवारी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष छत्रबलि सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष दीनानाथ शर्मा, दिलीप सोनकर, अजय कुमार सिंह, शशि शंकर सिंह, रविंद्रनाथ गोंड, मीना चौबे, प्रमोद चौबे, जितेंद्र पांडेय, आशुतोष सिंह, प्रभाष सिंह, सुरेंद्र सिंह, देवेंद्र सिंह, हरबंश उपाध्याय,सुभाष सोनकर आदि उपस्थित रहे।