चंदौली। बहुजन मुक्ति पार्टी के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को विकास भवन के पास धरना दिया। लोगों ने प्रदेश में खराब कानून व्यवस्था का आरोप लगाते हुए सरकार की नीतियों पर जमकर प्रहार किया। कहा कि गरीब और असहाय लोगों का पुलिस के द्वारा उत्पीड़न किया जा रहा है। अंत में एडीएम बच्चालाल को ज्ञापन देकर अपनी मांगों से अवगत कराया। वक्ताओं ने कहा प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद गरीबों की हत्या व उत्पीड़न की घटनाएं तेजी से बढ़ी हैं। अतिपिछड़ा व अनुसूचित वर्ग के लोगों की हत्याएं कराई जा रहीं। पुलिस इसमें बहुत बड़ी भूमिका अदा कर रही है। फर्जी एनकाउंटर में हत्याएं कराई जा रहीं। झांसी में पुष्पेंद्र यादव, बदायू में बृजपाल मौर्या समेत वाराणसी, प्रयागराज व आजमगढ़ में फर्जी एनकाउंटर के मामले सामने आ चुके हैं। इसमें वर्ग विशेष के लोगों को निशाना बनाया जा रहा। आरोप लगाया कि गरीबों का हर तरीके से शोषण हो रहा। छात्रों को शुल्क प्रतिपूर्ति से वंचित किया जा रहा। इसके लिए 60 फीसद से अधिक अंक प्राप्त करने की बाध्यता तय कर दी गई है। इसके चलते गरीब छात्र छात्रवृत्ति के लाभ से वंचित हैं। सरकार रेलवे, स्वास्थ्य, शिक्षा क्षेत्र के निजीकरण का कुचक्र रच रही है। इस दौरान राजेंद्र यादव, रामबली सत्यार्थी, गिरिजा प्रसाद, नामवर प्रसाद बागी, रामआशीष, सतीश कुमार, ब्रह्मानंद विद्यासागर, अमरजीत, परशुराम गौतम, रमाशंकर मौर्य, हरिबंश यादव कंचन राम मौजूद रहे।