चंदौली। बदलते मौसम में कोरोना की तीसरी लहर बच्चों को प्रभावित कर सकती है। स्वास्थ्य विभाग के लोग ऐसी आशंका जता रहे हैं। बदलते मौसम में बच्चों को उल्टी, दस्त की शिकायत होने पर तुरंत चिकित्सक का परामर्श लेना बहुत जरुरी है। थोड़ी लापरवाही में संक्रमण फैलने की आशंका प्रबल हो जाएगी। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. वीपी द्विवेदी ने बताया कि बच्चों में दस्त, पेट दर्द, उल्टी, बदन गर्म या खासी की शिकायत होने पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र जाकर जांच कराएं। इसके अलावा किसी भी प्रकार के घरेलू उपचार के लिए डॉक्टर की सलाह बहुत जरुरी है। बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. राजेश अग्रइया ने बताया कि कोविड-19 की दूसरी लहर ने भी बच्चों को प्रभावित किया है। लेकिन कोरोना की संभावित तीसरी लहर में बच्चों के अधिक प्रभावित होने की आंशका है। इसलिए बच्चों के स्वास्थ्य पर निगरानी रखना जरुरी है।