पीडीडीयू नगर। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की 10वीं और 12वीं का परीक्षाफल सोमवार को जारी हुआ। 12वीं में 99 प्रतिशत अंक हासिल कर प्रगति शर्मा और 10वीं में 98.4 प्रतिशत अंकों के साथ शशांक कुमार मौर्य ने जिला टॉप किया। दसवीं में जिले के 85.16 फीसदी परीक्षार्थी पास हुए। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की परीक्षाएं इस वर्ष 15 फरवरी से दो अप्रैल तक चली। जिले में एसजी पब्लिक स्कूल रविनगर, सनबीम स्कूल पीडीडीयू नगर, लक्ष्मी पब्लिक स्कूल, केंद्रीय विद्यालय पीडीडीयू नगर, सेंट अल हनीफ, राहुल इंटरनेशनल स्कूल, जेएस पब्लिक स्कूल, सेंट जोसेफ स्कूल सहित नौ परीक्षा केंद्र बनाए गए। यहां दसवीं की परीक्षा में लगभग 4205 और बारहवीं में 3500 परीक्षार्थियों ने प्रतिभाग किया। परीक्षा के बाद से परीक्षार्थी बेसब्री से परिणाम की प्रतीक्षा कर रहे थे। सोमवार की दोपहर में 12वीं के नतीजे घोषित हुए और उसके दो घंटे बाद दसवीं के परीक्षा परिणाम घोषित कर दिए गए। जैसे ही परीक्षा परिणाम जारी होने की सूचना मिली। छात्र मोबाइल पर सीबीएसई के वेबसाइट सर्च करने लगे। वहीं स्कूलों ने छात्रों को फोन कर बुलाया। यहां सफल छात्रों को मिठाई खिलाई गई। वहीं सफल छात्रों ने उछल कूद कर खुशी का इजहार किया। वहीं बच्चों ने माता पिता ने भी खुशी का इजहार करते हुए एक दूसरे का मुंह मीठा कराया। दसवीं की परीक्षा में कुल 4205 परीक्षार्थी शामिल हुए थे, जिनमें से 3581 परीक्षार्थी यानि 85.16 प्रतिशत पास हुए।