सदर कोतवाली क्षेत्र के झांसी गांव के पास स्थित यथार्थ नर्सिंग एंड पैरामेडिकल काॅलेज के प्रबंधक डॉ. धनंजय सिंह के खिलाफ शनिवार को छेड़खानी, गहने छीनने और धमकी देने सहित अन्य मामलों में मुकदमा दर्ज किया गया है।
मुकदमा दर्ज कराने वाली महिला कॉलेज में पूर्व वार्डन और रिसेप्शनिस्ट रह चुकी है। महिला की गुहार के बाद एडीजी पीयूष मोर्डिया ने मामले में हस्तक्षेप किया और मुकदमा दर्ज कराने का आदेश दिया।
कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में पूर्व वार्डन ने कहा है कि वह अलीनगर थानाक्षेत्र के आलू मिल तिराहे की निवासी है। 2015 से झांसी गांव के समीप काॅलेज के रिसेप्शनिस्ट और वार्डन के रूप में काम करती थी। पूरे दिन कार्य करने के बाद छात्रावास में ही रहती थी। उसका आरोप है कि प्रबंधक ने कुछ दिन बाद ही ओछी हरकत शुरू कर दी।
कई बार हाथ पकड़ लिया। प्रबंधक ने उसे लखनऊ घुमाने और मालामाल करने का ऑफर दिया, लेकिन उसकी मंशा भांप गई। इस कारण लखनऊ नहीं गई और कॉलेज जाना बंद कर दिया। मामले की शिकायत स्थानीय पुलिस से की गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इस कारण एडीजी पीयूष मोर्डिया से न्याय की गुहार लगाई। सदर कोतवाल गगन राज सिंह ने बताया कि प्रबंधक के खिलाफ केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी गई है।