पीडीडीयू नगर। बिहार पुलिस द्वारा डिडखिली टोल प्लाजा के पास एक कार से कारतूसों की बड़ी खेप बरामद होने के बाद जिले के गन हाउस जांच एजेंसियों के रडार पर आ गए हैं। सूत्रों के अनुुसर बनारस से चंदौली होते हुए बिहार प्रांत के आरा ले जाये जा रहे कारतूसों की सप्लाई बालू माफियाओं को होनी थी। बिहार एसटीएफ और दुर्गावती थाना की संयुक्त टीम ने 17 नवंबर को डिडखिली टोल प्लाजा के पास एक कार से 2200 कारतूस एवं एक तमंचा बरामद किया। इस दौरान टीम ने चारों लोगों को पकड़ा था। पुलिस के अनुसार बरामद कारतूस .315 बोर के थे। इस प्रकारण के सामने आने के बाद चंदौली में जांच एजेंसियों के कान खड़े हो गये। वहीं पुलिस ने भी गन हाउस के रिकार्ड को खंगालना शुरू कर दिया है। बता दें कि जिले में पांच गन हाउस हैं। सूत्रों के अनुसार अधिक पैसा कमाने के चक्कर में कई बार गन हाउस संचालक असलहा लाइसेंसधारियों के लाइसेंस पर गोलियों को आवंटित कर उसे अवैध तरीके से सप्लाई भी करते हैं। पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने बताया कि बिहार में कारतूस बरामद होने की घटना के बाद गन हाउसों के दस्तावेजों को खंगालने के आदेश दे दिए गए हैं। गड़बड़ी मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।