सकलडीहा। कोविड प्रोटोकॉल और चुनाव आचार संहिता का सख्ती से पालन कराने को लेकर जिला प्रशासन गंभीर है। बुधवार को एसपी अमित कुमार के निर्देश पर एएसपी दयाराम ने कोतवाली में चुनाव आचार संहिता का सख्ती से पालन कराने और परिणामों के आने के बाद विजय जुलूस न निकालने का निर्देश दिया। कहा कि आगामी दो मई को जिला पंचायत, प्रधान, बीडीसी और ग्राम सदस्यों के लिए हुए मतदान की गणना की जाएगी। कोरोना संक्रमण के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए चुनाव आयोग ने विजय जुलूस निकालने पर पाबंदी लगाई है। इस संबंध में सभी थाना प्रभारियों सहित सीओ को सख्त हिदायत दी गई हैकि कोई भी विजेता प्रत्याशी विजय जुलूस न निकाले। जुलूस निकालते हुए पाए जाने पर विडियो रिकार्डिंग कर उनके खिलाफ कार्रवाई कर जेल भेजा जाएगा। इसके अलावा कोविड प्रोटोकॉल और चुनाव आचार संहिता का सख्ती से पालन कराया जाएगा। इस मौके पर सीओ एके सिंह, लालमुनी पाठक, कोतवाल अश्वनी कुमार राय, उदय प्रताप सिंह मौजूद रहे। संवाद