कंदवा। क्षेत्र के अरंगी गांव में लगाए गए नाइट विजन कैमरे में तेंदुए की गतिविधियां कैद होने के बाद ग्रामीणों में दहशत है। तेंदुए को पकड़ने के लिए रविवार को वन विभाग ने गांव में पिंजरा पहुंचा दिया है। सोमवार को जगह चिह्नित कर पिंजरा लगाया जाएगा। अरंगी और कुंवा गांव में तेंदुआ दिखने से पिछले 15 दिनों से दहशत का माहौल है। तेंदुए ने 28 मई को गांव के रजत सिंह पर हमला कर दिया था। ग्रामीणों ने तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की मांग की थी लेकिन वन विभाग ने पहले नाइट विजन कैमरा लगाया। कैमरे में तेंदुए की तस्वीरें कैद होने के बाद वन विभाग की टीम रविवार को पिंजरा लेकर अरंगी गांव पहुंची। डिप्टी रेंजर सीएन त्रिपाठी ने बताया कि सोमवार को डीएफओ की मौजूदगी में पिंजरा लगाया जाएगा।