संवाद न्यूज एजेंसी भदोही। जिले में 45वां अंतरराष्ट्रीय कालीन मेला बेहतर कारोबार की उम्मीद के साथ समाप्त हो गया। चार दिनी आयोजन में 65 देशों के 255 विदेशी खरीदार और 250 से अधिक आयातक प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। हालांकि इस बार सीईपीसी बीते साल के आंकड़ों को नहीं छू सकी, जबकि इस बार बीते साल की अपेक्षा अधिक आयातकों ने हिस्सा लिया था।
जिले में आयोजित होने वाले 45वें कालीन मेले के लिए 65 देशों के 375 विदेशी खरीदारों ने पंजीकरण कराया था। वहीं कुल 255 स्टॉल लगाए गए थे। सीईपीसी के आंकड़ों के अनुसार इस बार 505 विदेशी प्रतिनिधि इसमें शामिल हुए। जिससे आने वाले चार से पांच महीनों में 400 करोड़ से अधिक कारोबार की उम्मीद जतायी जा रही है। वहीं व्यापारिक लिहाज देखा जाए तो जिले का पहला फेयर सफल माना जाएगा, क्योंकि बीते साल इस मेले में 63 देशों के 375 कालीन निर्यातक पंजीकरण कराए थे। जिसमें 213 कालीन निर्यातक व 206 उनके प्रतिनिधि शामिल थे। वहीं देश भर के 228 कालीन निर्यातकों ने अपना स्टॉल लगाया था। बीते साल कालीन मेले में 500 करोड़ से अधिक का कारोबार जनरेट हुआ था। जिससे कालीन निर्यातकों की उम्मीदें इस मेले में बढ़ी हुई थी, लेकिन इस केवल 400 करोड़ के कारोबार का अनुमान लगाया जा रहा है। बीते साल की अपेक्षा इस साल बेहतर कारोबार न होने को लेकर जो सबसे बड़ा कारण देखने को मिल रहा है। उसमें आयातकों द्वारा सस्ते कालीनों को तवज्जो देना था। आखिरी दिन बातचीत में कई कालीन निर्यातकों ने कहा था कि इस बार आयातक सस्ते कालीन व दरियों को तवज्जो दे रहे थे। उनका फोकस सस्ते कालीनों को लेकर अधिक सक्रियता रही। हालांकि कुछ अच्छे क्वालिटी कालीनों के भी खरीदार रहे, लेकिन उनकी संख्या अधिक न होने से बीते साल के बराबर कारोबार नहीं हो सका। हालांकि सीईपीसी आने वाले दिनों में बेहतर कारोबार की उम्मीद लगाए हुए हैं।