वाराणसी विकास प्राधिकरण ने शुक्रवार लंका मार्ग पर महेवा गांव के समीप लगभग पांच बीघे में बसाई जा रही कालोनी की चहारदीवारी बुलडोजर चलाकर ध्वस्त करा दी। कॉलोनाइजरों ने इसका विरोध की कोशिश की लेकिन पुलिस की मौजूदगी के चलते उनकी एक न चली।राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या दो के आसपास की खाली भूमि कॉलोनियों के रूप में विकसित की जा रही है। बिना ले आउट पास कराए ही प्लांटिंग की जा रही है। महेवा और आसपास के इलाकों में यह काम बड़े पैमाने पर किया जा रहा है। इसकी शिकायत मिलने पर शुक्रवार को वाराणसी विकास प्राधिकरण के अनुसचिव देवचंद राम पुलिस बल के साथ महेवा गांव में लंका रोड के किनारे बसाई जा रही कालोनी में पहुंचे। वहां पांच बीघे में बन रही कालोनी के प्लॉटों की चहारदीवारी को गिरवा दिया। इस मौके पर विजय मिश्रा, रविंद्र कुमार, अनिल कुमार यादव आदि मौजूद रहे।