पीडीडीयू नगर। निजी मोबाइल कंपनियों के रिचार्ज का दाम बढ़ा देने से करीब दो सौ मोबाइल उपभोक्ताओं ने अपना नंबर बीएसएनएल में पोर्ट करा लिया है। उन्हें उम्मीद थी कि नेट की अच्छी स्पीड मिलेगी लेकिन उनकी आशाओं पर धीमी नेट स्पीड ने पानी फेर दिया है। आलम यह है कि बीएसएनएल के टॉवर के नीचे ही कुछ स्पीड मिल पा रही है लेकिन घरों व दफ्तरों में स्पीड काफी स्लो है। पिछले दिनों रिलायंस (जिओ) व एयरटेल सहित अन्य निजी कंपनियों ने रिचार्ज का मूल्य 25 से 75 रुपये तक बढ़ा दिया है। वहीं बीएसएनएल के रिचार्ज का मूल्य काफी सस्ता है। ऐसे में लोगों ने सस्ते रिचार्ज के लिए अपने नंबर बीएसएनएल में पोर्ट कराने शुरू कर दिए हैं। कई ने नया कनेक्शन भी ले लिया। अब उन्हें नेट के स्पीड की समस्या झेलनी पड़ रही है। दरअसल स्थानीय बीएसएनएल के नेट की स्पीड अभी थ्री जी ही है जबकि अन्य निजी कंपनियां फोर व फाइव जी की स्पीड दे रही हैं। एक वीडियो लोड करने में पांच से 10 मिनट का समय लग रहा है। उपभोक्ता शिकायत लेकर स्थानीय बीएसएनएल कार्यालय पहुंच रहे हैं तो वहां तैनात कर्मचारी उन्हें वाराणसी स्थित कार्यालय जाने की सलाह देकर पल्ला झाड़ ले रहे हैं। बीएसएनएल के एसडीओ आनंद मौर्या ने बताया कि अगस्त माह के अंत तक नेट की स्पीड फोर जी हो जाने की संभावना है। इससे लोगों की समस्या का समाधान हो जाएगा।