सैयदराजा के नौबतपुर में स्टील पुल की मरम्मत करता कर्मी।
- फोटो : CHANDAULI
सैयदराजा। यूपी-बिहार बार्डर पर कर्मनाशा नदी पर बना स्टील का पुल ओवरलोड के चलते क्षतिग्रस्त हो गया है। ऐसे में पुल पर आवागमन रोक कर सड़क पर बिछाए गए क्षतिग्रस्त स्लीपर की मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया है। इस दौरान नदी में बने अस्थायी पुल के सहारे बिहार से आने वाले वाहनों को यूपी में प्रवेश दिया जा रहा है। दरअसल पिछले साल दिसंबर में पक्के पुल के खराब होने और पिलरों में खराबी के बाद नदी में अस्थायी पुल बनाया गया था। बारिश में अस्थायी पुल बंद कर दिया गया और नए स्टील पुल से वाहनों का आवागमन शुरू कराया गया था। सोमवार को स्टील पुल पर लगे स्लीपर और सड़क भी क्षतिग्रस्त होने के कारण आवागमन बंद कर दिया गया। पुल पर बिहार से आने वाले वाहनों को बारिश में बंद हो चुके अस्थायी पुल से मरम्मत कार्य पूरा होने तक संचालित किया जाएगा। स्टील पुल का मरम्मत करा रही निर्माण कंपनी के अधिकारी धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि स्टील पुल के फर्श पर लगे चादर में कई जगह दरारें आ गई थी। त्योहार पर गाड़ियों के आवागमन का दबाव कम देखते हुए मरम्मत का कार्य सोमवार से शुरू कराया गया है। मरम्मत का कार्य मंगलवार की सुबह तक पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद पुल से बड़े वाहनों का आवागमन शुरू हो जाएगा। वहीं पिछले साल दिसंबर में खराब पक्के पुल की मरम्मत का कार्य भी पूरा हो चुका है। लोड टेस्टिंग के बाद जल्द ही इस पुल को आवागमन के लिए खोल दिया जाएगा।