पीडीडीयू नगर। वाराणसी के महादेव पीजी कॉलेज में विगत तीन व चार दिसंबर को आयोजित हुई इंटर यूनिवर्सिटी बॉक्सिंग प्रतियोगिता में नंद बॉक्सिंग एकेडमी के तीन खिलाड़ियों ने अपने-अपने वर्गभार में गोल्ड मैडल जीता है। विजेताओं का चयन पंजाब में होने वाले ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी बॉक्सिंग चैंपियनशिप के लिए किया गया है। यह जानकारी चंदौली एमेच्योर बॉक्सिंग एसोसिएशन के जिला महासचिव व नंद बॉक्सिंग एकेडमी के कोच कुमार नंदजी ने दी है। बताया कि एकेडमी के रोहित, नितेश, हैप्पी व नीलम ने प्रतिभाग किया था। इनमें नितेश सोनकर ने 57 किग्रा, हैप्पी सिंह ने 80 किग्रा व नीलम सिंह चौहान ने 57 किग्रा भारवर्ग में गोल्ड मैडल जीता है।