ज्ञानपुर। जिले में बोर्ड परीक्षा शुरू होने में एक दिन बचा है। मंगलवार को विभूति नारायण राजकीय इंटर कॉलेज से सभी 96 केंद्रों पर प्रश्नपत्र भेजे गए। दो-दो पुलिसकर्मियों और रूट प्रभारी के नेतृत्व में परीक्षा केंद्रों पर प्रश्नपत्र पहुंचाए गए। उसके बाद केंद्र और अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक की मौजूदगी में प्रश्नपत्रों को डबल लॉक आलमारी में रखा गया। अब 22 फरवरी की सुबह मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में प्रश्नपत्र निकाले जाएंगे। परीक्षा खत्म होने तक डबल लॉक आलमारी सीसीटीवी कैमरे की नजर में रहेगी।
विभूति नारायण राजकीय इंटर कॉलेज में मंगलवार को जिला विद्यालय निरीक्षक विकायल भारती की मौजूदगी में प्रश्नपत्रों को परीक्षा केंद्रों पर भेजा गया। सुबह 10 बजे से दोपहर चार बजे तक वाहनों संग पुलिस के जवान एवं रूट प्रभारी भी केंद्रों पर भेजे गए। 22 फरवरी से शुरू होने वाली परीक्षा के लिए 96 केंद्र बनाए गए हैं। जिसमें हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के 56 हजार छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। परीक्षा शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से कराने के लिए माध्यमिक शिक्षा विभाग से लेकर प्रशासनिक अफसर अलर्ट मोड में आ गए हैं। जोनल, सेक्टर, स्टेटिक मजिस्ट्रेट संग अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापकों की तैनाती की जा चुकी है। सचल दल का गठन करने के साथ ही कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी भी लग गई है। जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि प्रत्येक केंद्र पर प्रश्नपत्र डबल लॉक में रखे गए हैं। एक चाबी केंद्र व्यवस्थापक और दूसरी अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक के पास रहेगी, जबकि चाबी का एक सेट आपात स्थिति के लिए रिजर्व रखा जाएगा। अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक और स्टेटिक मजिस्ट्रेट की निगरानी में ही प्रश्नपत्रों को खोलने की व्यवस्था रहेगी। डबल लॉक आलमारी 24 घंटे कैमरे की निगरानी में जिला कंट्रोल रूम से लिंक रहेंगे।
बोर्ड के परीक्षा के 96 केंद्रों को कंट्रोल रूम से जोड़ दिया गया है। सबका परीक्षण भी किया जा चुका है। केंद्र व्यवस्थापको से परीक्षा शुरू होने के बाद किसी भी दिन सीसीटीवी कैमरा, वायस रिकार्डर बंद नहीं करने को कहा गया है। जिन केंद्रों के कैमरे बंद रहेंगे उन पर कार्रवाई की जाएगी। विकायल भारती, जिला विद्यालय निरीक्षक