फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कार में मिली युवक की खून से लथपथ लाश, सिर में लगी गोली

विज्ञापन
विज्ञापन
नियामताबाद। अलीनगर थाना क्षेत्र के पचफेड़वा स्थित नेशनल हाईवे पुल पर शुक्रवार की सुबह एक लावारिस कार में खून से लथपथ युवक की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। युवक के सिर में पीछे से गोली मारने के निशान हैं। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर अलीनगर पुलिस ने शुक्रवार को फ्लैग मार्च निकाला था। जैसे ही पुलिस टीम पचफेड़वा पुल पर पहुंची। सड़क के किनारे एक लावारिस कार खड़ी मिली। पुलिस तत्काल जांच पड़ताल में जुट गई। कार के अंदर एक युवक का खून से लथपथ शव पड़ा हुआ था। पुलिस ने तत्काल इसकी सूचना उच्चाधिकारियों को दी। वही कार में मिले कागजात के आधार पर पुलिस ने परिजनों को फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना पर रोते बिलखते परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे। मृतक के भाई आलोक त्रिवेदी ने शव की पहचान की। उसके अनुसार मृतक 38 वर्षीय अभिषेक त्रिवेदी, बिहार के कैमूर जिले के मोहनियां थाना क्षेत्र के मुठानी गांव का रहने वाला था। जो सामने घाट वाराणसी में अपार्टमेंट बनाकर रहा था। अभिषेक पूर्व में शराब का कारोबारी था। लेकिन बिहार में शराबबंदी के बाद से सामने घाट में ही रहा था। उसके अपार्टमेंट की किराएदारी ही उसके आय का साधन थी। अभिषेक बृहस्पतिवार की दोपहर करीब डेढ़ बजे अपनी पत्नी सीमा त्रिवेदी से किसी कार्यवश जाने की बात कह कर घर से निकला था। जब वह घर नहीं पहुंचा तो उसके परिजन उसे रात भर खोजते रहे। वहीं शुक्रवार की सुबह पचफेड़वा पुल पर कार में शव होने की सूचना जब अलीनगर पुलिस ने दी तो मौके पर उसके परिजन यहां पहुंचे। शव को देखते ही मृतक का भाई आलोक दहाड़ मार कर रोने लगा। मौत की खबर सुनकर मृतक के पुत्र शिवम, शौर्य व यश का भी रो रो कर बुरा हाल था। पुलिस के अनुसार कार में एक तमंचा, कारतूस व खोखा पड़ा था। इससे यह प्रतीत होता है कि उसी से ही उसके सिर के पिछले भाग में गोली मारी गई है। शव को पीले रंग की बोरी से ढंका गया था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस बाबत अलीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह लग रहा है कि अन्यत्र हत्या करके शव को यहां लाया गया है। पोस्टमार्टम व जांच पड़ताल के बाद ही घटना का कारण स्पष्ट हो पाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें