भारतीय किसान यूनियन (भानु) के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को किसानों की समस्याओं को लेकर स्थानीय तहसील में धरना दिया। बाद में कार्यकर्ताओं ने उपजिलाधिकारी को 6 सूत्री मांगो का ज्ञापन सौंपा। मंगलवार को किसानों को आपदा राहत चेक दिलाने, कौड़िहार पंप कैनाल की खस्ता हालत को सुधारने, बिजली की कटौती बंद करने, गांव सभा बरहुआं के तालाब का सुंदरीकरण करने, बरहुआं गांव में प्राथमिक विद्यालय का निर्माण करने तथा कौड़िहार खास गांव की भूमि को मुक्त कराने जैसी मांगो को लेकर भारतीय किसान यूनियन (भानू) से जुड़े किसानो ने उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में चल रहे तहसील दिवस पर जोरदार प्रदर्शन किया तथा ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन के दौरान किसान यूनियन के वाराणसी मंडल अध्यक्ष संजय पांडेय ने कहा कि केंद्र तथा प्रदेश की सरकारें किसान विरोधी हैं। इस दौरान तेजबली यादव, राजनाथ यादव, रामबरत, अनूप कुमार, सुदर्शन, बलवंत, आदित्य, रामअवतार आदि रहे।