चहनिया। अघोराचार्य बाबा कीनाराम का तीन दिवसीय 424 वां जन्मोत्सव बुधवार से शुरू होगा। कांवड़िये बुधवार की भोर में पश्चिम वाहिनी बलुआ घाट से गंगा जल लाकर कीनेश्वर महादेव का जलाभिषेक करेंगे। इसके बाद उत्सव की शुरुआत होगी। तीन दिनों तक पूजन-अर्चन, संगीत और गोष्ठियों का आयोजन होगा। कीनाराम इंटर काॅलेेज के खेल मैदान में मेला लग गया है। श्रद्धालुओं के आवागन को देखते हुए रूट डायवर्ट किया गया है।
भोर में कांवड़ियों का जत्था बलुआ में गंगा से जल लेकर बाबा कीनाराम का जलाभिषेक करने पहुंचेंगे। महिलाएं सोहर गाएंगी। श्रद्धालु रामायण का पाठ करेंगे। इसके बाद कीर्तन होगा। दोपहर में गोष्ठी होगी, जिसमें बाबा कीनाराम के व्यक्तित्व और कृतित्व पर चर्चा की जाएगी।
बाबा कीनाराम इंटर कॉलेज के सामने खेल के मैदान में मेला सज गया है। यहां झूला, चरखी, बच्चों के खेल खिलौने, मनोरंजन के सभी साधन के साथ मिठाइयों, गृहस्थी की उपयोगी सामान और बिसातबाने की दुकानें सजी है। यहां रात में सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।इसके लिए विशाल मंच बनाया गया है।
इनसेट-
सुरक्षा के लिए तैनात रहेंगे पांच सीओ, 14 निरीक्षक
चहनिया। रामगढ़ स्थित बाबा कीनाराम के तीन दिवसीय जन्मोत्सव और मेले में आने वाली भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। पांच क्षेत्राधिकारियों, 14 निरीक्षकों, 93 उप निरीक्षकों, 410 कांस्टेबल की ड्यूटी लगाई गई है। डेढ़ कंपनी पीएसी, 65 महिला पुलिसकर्मी भी तैनात रहेंगी। इसमें 20 पुलिसकर्मी सादे वेश में भ्रमण करते रहेंगे। मठ प्रशासन ने मठ और मेला स्थल पर 200 स्वयंसेवक लगाए हैं।
मेला क्षेत्र में भारी वाहनों का प्रवेश वर्जित
चहनिया। मेला क्षेत्र में भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित है। मेला स्थल के रास्तों पर पांच स्थानों पर बैरियर लगाए गए हैं। पलिया मार्ग पर गुरेरा, रमौली, सराय रसूलपुर, मोहरगंज और लक्ष्मणगढ़ के समीप बैरियर लगाए गए हैं। दो पहिया वाहनों के पार्किंग के लिए प्राथमिक विद्यालय रामगढ़ और वन विभाग मैदान व्यवस्था की गई है। चार पहिया और सवारी वाहनों की नवोदय विद्यालय बैराठ, गुरेरा व पलिया तिराहा पार्किंग होगी। मेला क्षेत्र ट्रैक्टर भी नहीं आ पाएंगे।