चहनियां। बलुआ थाना के रानेपुर गांव के पास रविवार को दोपहर में टैंकर की टक्कर से बाइक सवार मां-बेटे की मौत हो गई। मृतकों की शिनाख्त चंदौली के खगवल वसंतपुर निवासी आकाश यादव (21) और रजवंती (50) के रूप में हुई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। चंदौली कोतवाली के खगवल वसंतपुर गांव निवासी श्याम सुंदर यादव का छोटा पुत्र आकाश यादव अपनी बीमार मां रजवंती देवी को लेकर गाजीपुर के सैदपुर में डॉक्टर के पास गया था। दोपहर में वहां से घर लौटते समय चहनिया बाजार से आगे रानेपुर के पास पानी के टैंकर ने उनकी बाइक पर टक्कर मार दी। हादसे में मां-बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। सिर में चोट लगने से रजवंती की मौके पर मौत हो गई। इस बीच मौका पाकर टैंकर लेकर चालक भाग गया। घटना की सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने घायल आकाश को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से डॉक्टर ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इस बीच आकाश ने भी दम तोड़ दिया। दुर्घटना की जानकारी पाकर श्याम सुंदर अपने बड़े बेटे आशुतोष के साथ अस्पताल पहुंचे। पत्नी और जवान बेटे के शव देखकर श्याम सुंदर रोते रोते बेहाल हो गए। वहीं, आशुतोष बिलखते हुए पिता को संभालने की नाकाम कोशिश कर रहा था। आकाश का चार महीने का एक बेटा है। आकाश की मौत की खबर से पत्नी निशा देवी रोते-रोते अचेत हो जा रही थी। बलुआ थानाध्यक्ष शैलेश कुमार मिश्र ने कहा कि सड़क दुर्घटना में मां-बेटे की मौत हुई है। लोगों के अनुसार पानी के टैंकर से टक्कर हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच की जा रही है।