पीडीडीयू नगर। अलीनगर थाना क्षेत्र के सकलडीहा मोड़ के समीप बृहस्पतिवार की सुबह विपरित दिशा से आ रही पिकअप से कुचलकर बाइक सवार युवक की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं 18 वर्षीय युवक की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के कुढकला गांव निवासी महादेव का पुत्र नौवीं का छात्र अनुज (18 वर्ष) बृहस्पतिवार की सुबह बाइक से चंदौली की तरफ जा रहा था। अलीनगर थाना क्षेत्र के सकलडीहा मोड़ के पास विपरीत दिशा से आ रही पिकअप ने उसे कुचल दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोग युवक को घायल अवस्था में राजकीय महिला चिकित्सालय ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उधर पिकअप चालक पिकअप सहित भाग निकला। अनुज अपने तीन भाइयों में सबसे छोटा था। मौत की खबर लगते ही राजकीय महिला चिकित्सालय पर ग्रामीणों सहित परिजनों की भीड़ एकत्रित हो गई। पिता महादेव, माता आरती सहित भाइयों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया। वहीं इस संदर्भ में अलीनगर थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि पिकअप के चपेट में आने से युवक की मौत हुई है। घटना के बाद मौके से पिकअप सहित चालक फरार हो गया। सीसीटीवी के मदद से पिकअप को पकड़ा जाएगा। फिलहाल मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।