सदर कोतवाली क्षेत्र के जसौली गांव के समीप रविवार को नेशनल हाईवे पर किसी वाहन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। इसकी जानकारी मृतक के परिजनों को दी। मिर्जापुर जिले के चुनार थाना क्षेत्र का पिपराही गांव निवासी गणेश कुमार (40) बाइक से कहीं जा रहा था। सदर कोतवाली क्षेत्र के जसौली गांव के समीप पहुंचते ही वह किसी वाहन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। युवक को घायल अवस्था में देख आसपास के लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस युवक को जिला अस्पताल ले गई जहां जांच के बाद चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आगे की कार्रवाई में जुट गई। वहीं मृत युवक के पास से मिले कागजात व मोबाइल से इसकी सूचना परिजनों को दे दी। इस संबंध में कोतवाल राजीव प्रताप सिंह ने बताया कि किसी वाहन के धक्का मार दिए जाने से संभवत: युवक की मौत हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।