सकलडीहा के टिमिलपुर निवासी काली चरण की मौत के बाद रोते बिलखते परिवार के लोग। संवाद
- फोटो : CHANDAULI
सकलडीहा/पीडीडीयू नगर। मुगलसराय कोतवाली अंतर्गत डांडी के समीप रविवार की देर रात ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार सकलडीहा कोतवाली के टिमिलपुर गांव निवासी दो युवकों की मौत हो गई। दोनों रिश्ते में साले-बहनोई थे। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर भाग गया। हादसे की जानकारी मिलते ही मृत युवकों के घर कोहराम मच गया। सकलडीहा कस्बा निवासी लोचन के चार पुत्र है। सबसे छोटा पुत्र कालीचरण (35) टिमिलपुर गांव में अपना मकान बनवा कर पत्नी माला और चार पुत्री और दो पुत्र के साथ रहता था। रविवार को अपनी बहन बेबी के बेटे की बहु भोज में शामिल होने के लिये करंडा निवासी साला राजा (26) की बाइक से दुर्गाकुंड वाराणसी पहुंचा। देर रात बाइक से साला और बहनोई टिमिलपुर लौट रहे थे। आधी रात के बाद वे पीडीडीयू नगर वाराणसी रोड पर डांडी के समीप पहुंचे थे। इसी दौरान सड़क पर अंधेरा होने से सामने से आ रहे ट्रक को नहीं देख सके। तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को कुचल दिया। इससे दोनों की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ट्रक चालक मौके से भाग गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस शवों को लेकर कोतवाली आई। यहां जांच में मृतक की जेब से मिले कागज के आधार पर दोनों की पहचान की। मोबाइल से परिवार वालों को सूचना दी। युवकों की मौत की सूचना मिलते ही दोनों परिवार में कोहराम मच गया। बाद में पुलिस ने दोनो के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस संबंध में सीओ पीडीडीयू नगर अनिल राय ने कहा कि सड़क दुर्घटना में दो युवकों की मौत हुई है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।