सकलडीहा। बलुआ थाना क्षेत्र के महाराजगंज स्थित घर से चंदौली जा रहे बुजुर्ग की बाइक सोमवार की सुबह निर्माणाधीन सकलडीहा चहनिया मार्ग पर हुए गड्ढे से उछलकर ट्रक के नीचे चली गई। जिससे कुचलकर बुजुर्ग की दर्दनाक मौत हो गई। सूचना के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बलुआ थाना क्षेत्र के महराजगंज रामगढ़ निवासी रणजीत यादव (60) बाइक से घर से जिला मुख्यालय जाने को निकले थे। स्थानीय कस्बा के चहनिया में निर्माणधीन मार्ग पर दैत्रावीर बाबा के मंदिर के पास पहुंचते ही उनकी बाइक खराब सड़क की गिट्टी और गड्ढे से अनियंत्रित हो गई और पास से गुजर रहे ट्रक के पिछले चक्के के नीचे आ गई। जिससे वृद्ध की ट्रक से कुचलकर दर्दनाक मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रक को कब्जे में करने के साथ ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया।
वहीं शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रणजीत को तीन पुत्र रोहित यादव, ऋषिकेश यादव और राहुल यादव हैं। घटना को लेकर पत्नी लालदेई देवी सहित पुत्रों का रो-रोकर बुरा हाल हो रहा था। थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने बताया कि ट्रक को कब्जे में लेकर चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। परिजनों की तहरीर पर कार्रवाई की जा रही है।
बेटे की जमानत के लिये चंदौली न्यायालय में जा रहा था किसान
एक साल पूर्व गांव में दो पक्षों के बीच विवाद हो गया था। जिसमें रणजीत यादव का सबसे छोटा बेटा खोवा बेचकर घर जा रहा था। आरोप है कि विपक्षी की ओर से जान बूझकर बेटे का नाम डाल दिया गया था। जिसकी जमानत के लिए किसान बाइक से चंदौली न्यायालय अधिवक्ता से परामर्श के लिये जा रहे था। किसी को क्या पता है कि परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट जायेगा। पत्नी लालदेवी पुत्र रोहित, रिसीकेश उर्फ बिट्टू और राहुल सहित परिजनों का रोते रोते बुरा हाल था।
सड़क वन वे होने के कारण हुआ हादसा
सड़क चौड़ीकरण का लेकर सघन तिराहा के समीप सड़क को वन वे कर दिया गया था। दूसरी तरह वाहनों के आवागमन पर रोक लगा दिया गया था। भारी वाहनों के आने जाने के कारण सड़क गड्ढे में तब्दील हो गई है। जिसके कारण चलती ट्रक के नीचे बाइक सवार के चले जाने के कारण दर्दनाक हादसा हुआ। हादसा के बाद सिर और पैर बुरी तरह क्षत विक्षत हो गया। बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।