पीडीडीयू नगर। डीएम निखिल टीकाराम फुंडे ने कहा कि बूथ निर्माण के दौरान सिर्फ बूथ के अंदर की व्यवस्था पर ध्यान नहीं देना है बल्कि बूथ के बाहर छाया, पानी, विद्युत आदि की समुचित व्यवस्था होनी चाहिए। यपोलिंग पार्टी के साथ मतदान करने वाले लोगों को भी किसी तरह की असुविधा न हो। लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वे बुधवार की शाम कलेक्ट्रेट लोक सभा सामान्य निर्वाचन 2024 के तहत समस्त प्रभारी एवं सहायक प्रभारी अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे।
डीएम ने कहा कि मास्टर ट्रेनर,कंट्रोल रूम निर्वाचन से संबंधित सभी टेंडर प्रक्रिया, कम्युनिकेशन प्लान,रूट चार्ट, बूथ निर्माण कर सभी बूथों पर पीने के लिए शुद्ध पानी,बिजली, छाया,टेबल कुर्सी सहित अन्य सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाय। निर्वाचन संबंधित किसी भी कार्य में यदि लापरवाही बरती गई तो संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जाएगी। । अभी तक जो अधिकारी रूट चार्ट उपलब्ध नहीं करा पाए हैं वे इसे जल्द उपलब्ध कराएं। उप जिलानिर्वाचन अधिकारी व अपर जिलाधिकारी अभय कुमार पांडेय ने सभी अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि आदर्श आचार संहिता की घोषणा की सूचना प्राप्त होने पर सरकारी भवन ,निजी भवन सहित अन्य जगहों पर लगाए गए होर्डिंग,बैनर को तत्काल हटाया जाना सुनिश्चित करें साथ ही निगरानी टीमें भी तुरंत अपना कार्य शुरू कर दें।बैठक के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक,उप जिलाधिकारी सदर,मुगलसराय,सकलडीहा, सभी प्रभारी अधिकारी/सह प्रभारी अधिकारी,जोनल मजिस्ट्रेट,सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं निर्वाचन विभाग के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।