पड़ाव। बनारस शिक्षा, संस्कृति के साथ गंगा-जमुनी तहजीब का नायाब शहर है। यहां आकर मन को काफी सुकून मिला और खुशी हुई। यहां के लोगों के सत्कार करने का तरीका और उत्साह सबसे अनूठा और अद्भुत है। ये बातें केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने शुक्रवार को कही। राज्यपाल पड़ाव क्षेत्र के एक निजी विद्यालय के कार्यक्रम में शरीक होने आए थे। उन्होंने कहा कि आज के समय में शिक्षा का महत्व सबसे ज्यादा है। आज जरूरत है बच्चों को आधुनिक और सर्वांगिण शिक्षा देने की। शिक्षा से ही परिवार, समाज और देश का विकास हो सकता है। शिक्षा से ही समाज में व्याप्त आडंबर और कुरीतियों को दूर किया जा सकता है। राज्यपाल शाम पांच बजे के करीब विद्यालय पहुंचे और ढाई घंटे तक कार्यक्रम में मौजूद रहे। राज्यपाल के आगमन को लेकर सुरक्षा के व्यापक व्यवस्था की गई थी। मुगलसराय इंस्पेक्टर संजीव मिश्र ने सुबह से ही सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे और कोने-कोने पर पुलिसकर्मियों को अलर्ट किया गया था। कार्यक्रम में बीएचयू के पूर्व कुलपति प्रो. गिरीश चंद्र त्रिपाठी, मदरसा बोर्ड के चेयरमैन डॉ. इसतेखार अहमद जावेद, मोहम्मद आरीफ, नशीम आरीफ, हाजी वशीम, उपस्थित थे।